वाराणसी , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर बुर्का पहनकर घूम रहे दो युवकों के पकड़े जाने की घटना को लेकर पुलिस ने साफ किया है कि मामला केवल प्रैंक वीडियो बनाने का था और इसमें कोई आपत्तिजनक गतिविधि सामने नहीं आई।
पुलिस के अनुसार, मलदहिया चौराहे पर शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोका गया। इनमें चालक आसाद अंसारी के पीछे बैठे युवक ने नकाब पहन रखा था तथा ऊपर से चश्मा लगाया हुआ था, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। दोनों युवकों को सिगरा थाने लाकर पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि दोनों कक्षा 12 के छात्र हैं और प्रैंक रील एवं वीडियो बनाने के उद्देश्य से नकाब पहनकर इमलिया घाट पर शूटिंग करने जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों के परिजनों को थाने बुलाया गया। वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर मिलने पर मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया।
एसीपी चेतगंज तथा खुफिया इकाई के अधिकारियों ने भी दोनों से पूछताछ की, लेकिन जांच के दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। इससे शांति व्यवस्था पर किसी प्रकार का खतरा नहीं पाया गया।
पुलिस ने दोनों युवकों से माफीनामा लिखवाने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित