मुरैना , जुलाई 2 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सुमावली थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों के शक में एक नाबालिग छात्र को बंधक बनाकर बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो सुमावली कस्बे के मेला ग्राउंड क्षेत्र का है। वीडियो में दो युवक एक नाबालिग छात्र के पैर रस्सी से बांधकर डंडों से उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।
सुमावली थाना प्रभारी रवी प्रताप सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चौखुटी गांव निवासी नाबालिग छात्र का गांव की ही एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध होने का संदेह था। छात्र मुरैना से कोचिंग कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मेला ग्राउंड के पास आरोपियों ने उसे रोककर कथित तौर पर प्रेम संबंधों के शक में बंधक बनाया और उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित