इटावा , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में अदालत परिसर में प्रेम विवाह करने वाले युवक को लड़की पक्ष के लोगों ने पीट पीट अधमरा कर दिया है।
इटावा के सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक के.के.मिश्रा ने आज यहां बताया कि अदालत के आदेश के बाद युवती को युवक के साथ भेजे जाने पर नाराज परिजनों ने हंगामा कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवक के साथ हाथापाई की नौबत आ गई। लड़की पक्ष के लोगों ने प्रेम विवाह करने वाले युवक को जमकर पीट डाला।
अदालत में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने दखल करके युवक को बचाया है जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस में मौके पर पहुंच करके हंगामा और मारपीट करने वाली लड़की पक्ष के लोगों अपनी हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाले युवक सनोज 11 मई को चौबिया थाना क्षेत्र की एक युवती को अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। युवती के परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी। युवक और युवती थाने पहुंचे। वहां से पुलिस युवती के बयान दर्ज कराने के लिए उसे कोर्ट लेकर गई, तभी युवती के परिजन वहां पहुंचे और कचहरी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने युवक के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई भी की, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रभारी निरीक्षक के.के.मिश्रा ने बताया कि युवती के बयान के बाद कोर्ट के आदेशानुसार उसे युवक के साथ भेज दिया गया है।
पिटाई के शिकार हुए प्रेम विवाह करने वाले सनोज में बताया कि उसने अंजलि से प्रेम विवाह किया है अदालत में बयान दर्ज करने के बाद अंजलि को लेकर के वापस जा रहा था इसी बीच अंजलि के परिजनों में अदालत परिसर में उसकी जमकर के मारपीट की और अंजलि को अपने साथ खींच कर ले जाने की कोशिश की है अगर पुलिस मौके पर दखल नहीं देती तो वह हत्या जैसी वारदात को भी अंजाम दे सकते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित