सोनभद्र , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले सड़क किनारे मिले एनसीएल कर्मी के शव के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देख लिया था, जिसके बाद विवाद के दौरान उसकी हत्या कर दी गई। बाद में हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय ने बताया कि 23 अगस्त को बीना स्टेडियम, जमशीला के पास एनसीएल बीना परियोजना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला था। प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने पर शक्तिनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। 22 अगस्त की रात रमाशंकर ने दोनों को घर पर एक साथ देख लिया, जिसके बाद उनके बीच विवाद हुआ। पुलिस का आरोप है कि विवाद के दौरान प्रियंका मिश्रा और विकास चौहान ने रमाशंकर का गला दबाया और पत्थर के फर्श पर उसका सिर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से विकास चौहान ने अपने सहयोगी अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता के साथ मिलकर शव को चादर और गमछे में लपेटा तथा सड़क किनारे ले जाकर डाल दिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को वाहन से चोट पहुंचाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने मामले में विकास चौहान, मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा तथा अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ और अब तक की विवेचना में हत्या की वजह तथा घटना के बाद शव को ठिकाने लगाने की पूरी साजिश सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित