अलवर , मार्च 12 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि युवक ने आत्महत्या करने से पहले अपनी प्रेमिका को वीडियो कॉल करके अपनी परेशानी और आत्महत्या का कारण भी बताया था।

पुलिस ने बताया कि रामगढ़ के केशव नगर निवासी देवेंद्र मेघवाल (23) मूर्ति आपूर्ति का काम करता था। उसका एक युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग था। बताया जा रहा है कि देवेंद्र दो दिन पहले ही रामगढ़ से अलवर के नयाबास क्षेत्र में अपने जीजा के किराए के कमरे पर आकर रुका हुआ था। बुधवार को उसका जीजा मनोज कुमार किसी काम से रामगढ़ चला गया था। इसी दौरान देवेंद्र मेघवाल ने किराए के मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में छत के कुंदे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित