मुरैना , अप्रैल 12 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के पोरसा कस्बे में मां-बेटी के पवित्र रिश्ते को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर माता-पिता को जहर देने का प्रयास किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती ने अपने माता-पिता को खाने में चूहे मारने वाली दवा मिलाकर खिला दी, जिससे दोनों बेहोश हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को ग्वालियर रेफर कर दिया।
बताया गया है कि मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब प्रेमी और युवती के बीच रची गई साजिश का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जानकारी के अनुसार पोरसा निवासी सुदामा कड़ेरा की बेटी का लंबे समय से एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर माता-पिता ने उसे युवक से बातचीत करने से मना कर दिया था।
इसी के बाद दोनों ने 29 मार्च को मिलकर माता-पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार उपचार के बाद जब माता-पिता घर लौटे और उन्होंने वायरल ऑडियो सुना, तब उन्होंने अपनी बेटी और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित