बैतूल , अक्टूबर 28 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम दुधिया में युवक पवन गंजाम की हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो अपचारी बालकों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ विवाद है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम दुधिया में पवन गंजाम की हत्या की सूचना मिली थी। चिचोली थाना प्रभारी हरिओम पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञों और सीन ऑफ क्राइम यूनिट की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। मृतक के गले पर गंभीर चोट के निशान मिले थे।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग को लेकर पहले हुए विवाद के चलते 25 अक्टूबर की रात करीब एक बजे शिवदास गंजाम, जितेंद्र वरकड़े और दो नाबालिगों ने सोते समय पवन पर बसुले से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से विवाद की स्थिति में कानून हाथ में नहीं लेने और संवाद या कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित