प्रयागराज , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मऊआइमा थाना क्षेत्र के उमरिया बादल गांव में मंगलवार को प्रेमी से शादी की जिद में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती नवाबगंज थाना क्षेत्र से करीब 10 किलोमीटर साइकिल चलाकर उमरिया बादल गांव पहुंची थी। सुबह करीब चार बजे टावर पर चढ़ी युवती शादी की मांग को लेकर हंगामा करने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के भैरोपुर कूड़ा गांव निवासी खुशबू सरोज का उमरिया बादल गांव निवासी विनय सरोज से करीब तीन वर्ष से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। युवती विनय से शादी करना चाहती है।

युवती के मुताबिक, विनय ने वर्ष 2025 में शादी से इंकार कर दिया था। इसके बाद उसने छह अगस्त 2025 को नवाबगंज थाने में विनय और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बावजूद युवती शादी की मांग पर अड़ी हुई थी।

मंगलवार को खुशबू साइकिल से उमरिया बादल गांव पहुंची और मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर पहुंचकर उसने प्रेमी से शादी कराने की मांग शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही युवती और विनय के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर मऊआइमा थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजन युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। पुलिस ने उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए आवश्यक कदम उठाए। घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित