मऊ , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में प्रेमी से शादी की जिद को लेकर एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने से शनिवार सुबह हड़कंप मच गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घोसी कोतवाली क्षेत्र के लखनी मुबारकपुर गांव में शनिवार सुबह पड़ोसी गांव मानिकपुर की एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि युवती का लखनी मुबारकपुर निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन दोनों के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। वहीं युवक भी खुलकर सामने नहीं आ रहा था, जिससे आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया।

सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने जब युवती को टावर पर देखा तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया गया। इस दौरान युवती अपने प्रेमी और परिजनों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी रही।

पुलिस ने युवती की मांग पर संबंधित लोगों को मौके पर बुलाया और काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। पुलिस के अनुसार फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित