मुरैना , जून 01 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल ने सांक नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान भूपेंद्र धाकड़ (30) निवासी ग्राम भुरावली, थाना कैलारस, जिला मुरैना तथा राधा चौबे (25) निवासी ग्राम बेहरूका, थाना धीरपुरा, जिला दतिया के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों रविवार को बुलेट मोटरसाइकिल से ग्वालियर की ओर से आए थे। बताया गया है कि उन्होंने पहले एक मंदिर में विवाह किया और बाद में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सांक नदी के पुराने पुल पर कुछ समय रुके। पुलिस के अनुसार दोनों ने मोबाइल से वीडियो बनाया और इसके बाद एक-दूसरे के हाथ गमछे से बांधकर नदी में छलांग लगा दी। घटना में दोनों की डूबने से मृत्यु हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उनके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर की गई। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित