बैतूल , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी की जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने वाले 17 वर्षीय नाबालिग लड़के को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, किशोरी सोमवार को बाजार जाने का कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच एक नाबालिग लड़का उसे गंभीर हालत में चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। वहां से उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया, जहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
चिचोली थाने के उप निरीक्षक मुजफ्फर हुसैन के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि किशोरी और लड़के की पहचान दूसरे जिले में मजदूरी के दौरान हुई थी। पुलिस को जानकारी मिली है कि किशोरी लड़के के घर पहुंची थी और शादी को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। किशोरी के गर्भवती होने के दावे सहित घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के लिए परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित