नोएडा , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती प्रेम प्रसंग में नाराज होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, आज नोएडा सेक्टर-58 थाना पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि करीब 20 वर्षीय एक युवती सेक्टर-62 स्थित टोट मॉल रोड के पास सी-ब्लॉक की ग्रीन बेल्ट में बने मोबाइल टॉवर पर चढ़ी हुई है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

युवती ने खुद डायल-112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी थी। पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से बिहार निवासी एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और मामूरा गांव में उसके साथ रह रही थी। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि युवक बिहार में किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। इस बात से आहत होकर युवती ने टॉवर पर चढ़कर विरोध जताया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड टीम को मौके पर बुलाया। काफी देर तक समझाने-बुझाने और काउंसलिंग के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि युवती पूरी तरह सकुशल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित