शिवहर , सितंबर 17 -- बिहार में शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के अम्बा उत्तरी गांव में बीती रात प्रेमिका से मिलने गए 20 वर्षीय युवक की लड़की के परिजनों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने इस मामले में लड़की के भाई और परिवार की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि अम्बा उत्तरी गांव के वार्ड संख्या तीन निवासी भरत साह का पुत्र ललन कुमार (20) बुधवार की रात करीब 12 बजे प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। इसकी जानकारी होने पर लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद के दौरान लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद गंभीर रूप से घायल ललन की मौके पर ही मौत हो गयी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित