बारां , जुलाई 31 -- राजस्थान के पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता प्रेमनारायण गालव की तृतीय पुण्य स्मृति पर शुक्रवार को धर्मदा धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिलेभर से आए रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक 700 से अधिक यूनिट रक्तदान किया।

प्रेमनारायण गालव स्मृति संस्थान के अध्यक्ष जयेश गालव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा, मानवता और सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखकर विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संपन्न हुईं।

रक्तदान शिविर का आयोजन थैलेसीमिया पीड़ितों, दुर्घटना में घायल मरीजों और गर्भवती महिलाओं की रक्त आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

पुण्य स्मृति कार्यक्रम के तहत प्रातःकाल गौसेवा भी की गई। संस्थान की ओर से गौवंश को हरा चारा एवं अन्य आवश्यक सामग्री खिलाकर सेवा कार्य किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित