पटना , मार्च 06 -- बिहार कला एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से तथा बिहार संगीत नाटक अकादमी, पटना के सहयोग से शुक्रवार को प्रेमचंद रंगशाला में पद्मश्री डॉ. जगदीश प्रसाद सिंह लिखित नाटक "अधूरा सपना" का मंचन किया गया।

इस नाटक का निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी अभय सिन्हा ने किया। इस कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि तथा कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

वीर कुँवर सिंह की शौर्यगाथा पर आधारित नाटक "अधूरा सपना" में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुँवर सिंह के जीवन के महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक की शुरुआत कुँवर सिंह के दरबार से होती है, जहाँ वे अपने साथियों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में संलग्न दिखाई देते हैं। नाटक में वह ऐतिहासिक प्रसंग भी अत्यंत मार्मिक रूप में दर्शाया गया, जिसमें कुँवर सिंह अपने घायल भुजा को काटकर माँ गंगा को अर्पित करते हैं, जो उनके अदम्य साहस और देशभक्ति का प्रतीक है।स्वतंत्रता की इस लंबी लड़ाई में देश को आजाद देखने का उनका सपना अधूरा रह जाता है, लेकिन वे अपने बलिदान से इतिहास में अमर हो जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित