भोपाल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 224 करोड़ 75 लाख रुपये की राशि स्वीकृत एवं जारी की है। इस राशि से प्रदेश के विद्यालयों में कक्षा 9वीं एवं 10वीं में अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को समयबद्ध रूप से छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

विभाग के आयुक्त डॉ. सतेन्द्र सिंह ने बताया कि राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर के मार्गदर्शन में विभाग पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्री-मैट्रिक समेकित छात्रवृत्ति का पारदर्शी एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरी राशि आयुक्त, लोक शिक्षण को अंतरित कर दी गई है, जिससे वितरण प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल से विद्यार्थियों की शिक्षा में आर्थिक बाधाएं कम होंगी तथा उन्हें समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकेगा। इससे पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा और उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित