नई दिल्ली , अप्रैल 20 -- पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पार्किंग के विवाद में हुए झगड़े के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पंकज के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पंकज का भाई इस इलाके के एक मकान में रहता है। उसी मकान की एक मंजिल पर आरोपी गौरव शर्मा भी रहता है।
गौरव शर्मा और पंकज के भाई के बीच पार्किंग के मुद्दे को लेकर रविवार देर रात बहस शुरू हो गई। हालात गंभीर होने पर भाई ने पंकज को नोएडा से प्रीत विहार बुला लिया।
विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया और गौरव शर्मा ने कथित तौर पर पंकज को गोली मार दी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी फिलहाल फरार है और उसका पता लगाने के लिये पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
गौरव शर्मा की पत्नी ने दावा किया कि उनके पति के पास कोई हथियार नहीं था।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित