नयी दिल्ली , अप्रैल 22 -- चार भारतीय मुक्केबाजों प्रीति पवार, प्रिया, अरुंधति चौधरी और सचिन को 2026 एशियाई मुक्केबाजी एलीट चैंपियनशिप में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के कोर ग्रुप में प्रमोट किया गया है, जबकि तीन अन्य को डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल किया गया है।
172वीं मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) की बुधवार को हुई बैठक में यह फैसला किया गया। प्रीति (54किग्रा), प्रिया (60किग्रा) और अरुंधति (70किग्रा) ने इस महीने की शुरुआत में मंगोलिया के उलानबटार में हुई कॉन्टिनेंटल मीट में स्वर्ण पद जीता था, जबकि सचिन (60किग्रा) ने रजत पदक हासिल किया। मिशन ओलंपिक सेल ने हाल के नतीजों, विश्व रैंकिंग और प्रदर्शन में हुई प्रगति के विस्तृत मूल्यांकन के आधार पर यह फैसला लिया।
प्रीति इस साल के आखिर में होने वाले ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों और जापान में एशियाई खेलों, दोनों में हिस्सा लेंगी। प्रीति के साथ जैस्मीन (57किग्रा), प्रिया (60 किग्रा), अरुंधति (70 किग्रा), और सचिन (60 किग्रा) भी होंगे। प्रीति, प्रिया और सचिन एशियाई खेलों में भी हिस्सा ले रहे हैं।
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफएआई) की चयन नीति के अनुसार, इन मुक्केबाजों ने सीधे क्वालिफिकेशन के आधार पर सीडब्ल्यूजी 2026 और एशियाई खेलों 2026 में जगह बनाई है। सीडब्ल्यूजी 2026 में भारत के लिए मुक्केबाजी उन मुख्य खेलों में से एक है जिनसे पदक जीतने की उम्मीद है, क्योंकि इस इवेंट में ऐसे कई खेल शामिल नहीं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित