बेंगलुरु , अक्टूबर 11 -- कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने बेंगलुरु में यातायात की स्थिति को लेकर भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि विकास के साथ-साथ समस्याओं का होना स्वाभाविक है।

कर्नाटक में पूरे देश से लाखों लोग रोजगार की तलाश में बेंगलुरु आते हैं, जिससे शहर में भीड़भाड़ और परिवहन संबंधी समस्याओं का बढ़ना स्वाभाविक है। श्री खरगे ने भाजपा नेताओं की आलोचना का जवाब देते हुए सवाल किया कि क्या उनमें समस्याओं की पहचान करने और समाधान प्रदान करने का विवेक है।

श्री खरगे ने सरकार की चल रही बुनियादी ढ़ांचा परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेट्रो का 86 किलोमीटर विस्तार किया गया है। इसके अलावा 136 किलोमीटर उपनगरीय रेलवे निर्माणाधीन है, 32 किलोमीटर डबल-डेकर सड़कें बनाई जा रही हैं और 40 किलोमीटर लंबी सुरंगों का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने पूछा, "क्या ये प्रगति के संकेत नहीं हैं? फिर भी विकास के साथ-साथ कुछ चुनौतियों का आना स्वाभाविक है। पुणे और मुंबई जैसे शहर भी ऐसी ही समस्याओं का सामना कर रहे हैं।"श्री खरगे ने पूर्व भाजपा सांसद राजीव चंद्रशेखर पर निशाना साधते हुए कहा कि जो नेता कभी स्टील फ्लाईओवर के खिलाफ अभियान चलाते थे, वे अब कर्नाटक छोड़ चुके हैं। खरगे ने मजाक उड़ाते हुए कहा, "वह केंद्र सरकार से एक रुपया भी लाने के लायक नहीं हैं। उन्हें शिकायत करने के बजाय कम से कम केंद्र से दस रुपये लाने की कोशिश करनी चाहिए।" उन्होंने भाजपा नेताओं को केंद्र सरकार से धन प्राप्त करने की चुनौती दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित