बेंगलुरु , अगस्त 31 -- कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने सोमवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत के मुसलमानों और भारत के बहुलतावादी चरित्र पर विदेश में दिये गये बयानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को घेरा हैउन्होंने सवाल उठाया कि क्या सत्तारूढ़ दल अब 'आरएसएस से भी बड़ा हो गया है'?श्री भागवत की अमेरिका और कनाडा यात्रा पर तंज कसते हुए श्री खरगे ने कहा कि संघ प्रमुख विदेशों में उस संदेश से अलग छवि पेश कर रहे हैं, जिसका प्रचार भारत में भाजपा के कुछ वर्ग और उसके वैचारिक संगठन करते हैं।
आरएसएस प्रमुख के विदेशी कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए श्री खरगे ने कहा, "श्री भागवत फंड के लिए कुछ भी कर सकते हैं।"उन्होंने कहा कि श्री भागवत ने भारतीय समुदाय के लोगों के साथ बातचीत के दौरान इस बात पर जोर दिया था कि मुसलमान भारत का हिस्सा हैं और देश की पहचान विविधता में एकता से है।
विदेशों में श्री भागवत के दिए बयानों और देश में भाजपा के रुख में अंतर उजागर करते हुए श्री खरगे ने कहा, "एक तरफ वे विदेशों में समावेशी बातें कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ भारत में भाजपा नेता और उनका संघ परिवार टीपू सुल्तान की तस्वीर या कट-आउट तक लगाने का विरोध करते हैं।"श्री खरगे ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कर्नाटक के मंत्री बसवराज रायरेड्डी का भी बचाव किया, जिनके इस्लाम को लेकर दिये गये हालिया बयान से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। उन्होंने कहा कि श्री रायरेड्डी ने किसी धर्म का अपमान नहीं किया है, बल्कि सिर्फ इतना कहा है कि इस्लाम सहित हर धर्म से कुछ न कुछ सीखने को मिलता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित