रायगंज , अप्रैल 14 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी पश्चिम बंगाल के रायगंज में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उस समय भावुक नजर आए जब उन्होंने पार्टी के दिग्गज नेता प्रियरंजन दासमुंशी को उनके गृह क्षेत्र में याद किया।

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार और पूर्व केंद्रीय मंत्री के रूप में सेवाएं दे चुके श्री दासमुंशी का 20 नवंबर, 2017 को नौ साल तक कोमा में रहने के बाद निधन हो गया था।

श्री गांधी ने कहा, "प्रियरंजन दासमुंशी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के सबसे कद्दावर नेता थे। दुख की बात है कि वह हमारे बीच नहीं हैं। अगर वह जीवित होते, तो बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य को पूरी तरह बदल देते। हो सकता है कि आज वही मुख्यमंत्री भी होते।"उन्होंने श्री दासमुंशी की विरासत को याद करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर और राज्य की राजनीति में उनकी अनुपस्थिति आज भी गहराई से महसूस की जाती है।

उनकी ये टिप्पणियां श्री दासमुंशी की पत्नी दीपा दासमुंशी की ओर से दिए गए भावपूर्ण परिचय के बाद आईं, जिन्होंने वर्षों पहले इसी स्थान पर श्री गांधी की पिछली यात्रा की यादें ताजा कीं, जब उनके पति राजनीति में सक्रिय थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित