रांची , मई 07 -- झारखंड के धनबाद जिले में कुख्यात अपराधी प्रिन्स खान उर्फ छोटे सरकार के नाम का भय दिखाकर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का बरवाअड्डा पुलिस ने खुलासा किया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने आज प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में गुलाम अंसारी के अलावा धनबाद स्थित असर्फी अस्पताल के संचालक से भी रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बरवाअड्डा थाना कांड संख्या-73/2026 दिनांक 06 मई 2026 को वादी गुलाम अंसारी के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। आवेदन में कहा गया था कि अज्ञात अपराधियों द्वारा फोन कर प्रिन्स खान उर्फ छोटे सरकार के नाम पर जान से मारने की धमकी देते हुए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अनुसंधान शुरू किया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। लोकेशन ट्रैकिंग और कॉल डिटेल्स के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने प्रिन्स खान के नाम का इस्तेमाल कर लोगों में भय पैदा कर रंगदारी वसूलने की योजना बनाई थी। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह निवासी खंडेरी, थाना बरवाअड्डा, धनबाद, बालक कुमार दास निवासी दास बस्ती, खास कुसुण्डा, गोंदुडीह, मो. नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे निवासी कुसुण्डा केंदुआडीह, धनबाद तथा सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक (28 वर्ष) निवासी खंडेरी, थाना बरवाअड्डा, धनबाद शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सफेद रंग का सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन तथा एक ग्रे रंग का रियलमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद किया है।

लगातार रंगदारी और धमकी की घटनाओं से व्यवसायियों और आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय व्यापारियों और अस्पताल संचालकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध और रंगदारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित