रांची , जनवरी 16 -- झारखंड के कोयलांचल क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने गैंगस्टर प्रिंस खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में प्रिंस खान ने न केवल आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया, बल्कि वासेपुर के कुख्यात डॉन फहीम खान के परिवार को खत्म करने की खुली धमकी भी दी है। वीडियो में प्रिंस खान अपने कई गुर्गों के साथ दिखाई दे रहा है, जो अत्याधुनिक हथियारों से लैस हैं। उसके तेवर बेहद आक्रामक हैं।

वह साफ कहता नजर आ रहा है, "कानून के हाथ इतने लंबे नहीं कि प्रिंस खान तक पहुंच जाएं।" इस बयान से उसने झारखंड पुलिस और जांच एजेंसियों को सीधी चुनौती दी है। साथ ही, उसने कहा कि अगर कानून ने पकड़ लिया तो खुद गोली मार लेंगे। प्रिंस खान ने फहीम खान के परिवार को चेतावनी देते हुए कहा, "इस बार नरसंहार होगा।"वासेपुर की पुरानी दुश्मनी और पुलिस की कार्रवाईवासेपुर में वर्चस्व की यह लड़ाई लंबे समय से चल रही है।

प्रिंस खान लगातार फहीम खान गुट को चुनौती देता रहा है। फरार कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के संगठित अपराधी नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए धनबाद पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। कुछ दिन पहले पुलिस ने वासेपुर के पांडरपाला, शमशेर नगर, रहमतगंज, आरामोड़, नबीनगर, कबड्डीपट्टी, नया बाजार और निषाद नगर समेत करीब 30 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

इस कार्रवाई में उसके जमीन कारोबार, फंडिंग चैनल और हथियार सप्लाई से जुड़े लोगों को निशाना बनाया गया।

ज्ञातव्य हो कि 12 जनवरी को भी वासेपुर-भूली के मिल्लत कालोनी, करीमगंज, माहरुफगंज, पांडरपाला और अमन सोसाइटी सहित 12 ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर प्रिंस खान को पकड़ने की कोशिश तेज कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित