देवरिया , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के बैतालपुर में सोमवार को सूबे के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को निर्देश दिया कि वे कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि सीधे खेतों में जाकर किसानों से संवाद करें।
श्री शाही आज बैतालपुर स्थित कृषि प्रशिक्षण केंद्र में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 10 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्राविधिक सहायक किसान और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए पीएम किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, फसल बीमा और अनुदान योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि रबी सीजन 2026 में 12 लाख कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है और 10 लाख मिनी किट वितरित की गई हैं। सरकार ने रबी फसलों का एमएसपी घोषित कर दिया है। दलहन-तिलहन में आत्मनिर्भरता के लिए 40 जनपदों में 7 लाख हेक्टेयर में खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।श्री शाही ने जल संरक्षण के लिए बाढ़ सिंचाई पद्धति को कम करने और रागी, मड़ुआ, ज्वार, बाजरा जैसी पोषणयुक्त फसलों को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित