रामनगर , फरवरी 24 -- देहरादून स्थित उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के बाहर आज दूसरे दिन भी अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों का धरना जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग से जुड़े कार्मिक एकत्र होकर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रांतीय नेता नवेंदु मठपाल ने कहा कि निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक प्रदेशभर के कर्मचारी, अधिकारी और शिक्षक आंदोलन जारी रखेंगे।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पूरे प्रदेश में शिक्षकों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और कई स्थानों पर कार्य बहिष्कार और विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं। शाम को संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।
दरअसल, प्रदेश के प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ कथित रूप से भाजपा विधायक और उनके समर्थकों द्वारा मारपीट की घटना के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में रोष फैल गया। इस घटना के विरोध में शिक्षा परिषद परिसर के बाहर धरना शुरू किया गया, जो आज दूसरे दिन भी जारी रहा।
धरना दे रहे कर्मचारियों का कहना है कि यदि एक वरिष्ठ अधिकारी की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं है, तो सामान्य कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित