कानपुर , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दबंग प्रापर्टी डीलर द्वारा जमीन के लालच में दंपत्ति को बंधक बनाये रखने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने दंपत्ति को मुक्त करा लिया है और प्रारंभिक जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है जबकि दंपत्ति का आरोप है कि क्षेत्रीय पुलिस की मिलीभगत से आरोपी प्रापर्टी डीलर के खिलाफ शांति भंग की मामूली धारा में मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी प्रापर्टी डीलर दीपक गंगवार के यहां उक्त दंपति कानपुर में रह रहे थे और इस दौरान वे अपने परिजनों से बातचीत भी कर रहे थे तथा पहले भी पुलिस से संपर्क में आए थे।

पुलिस का यह भी मानना है कि प्रारंभिक जांच में किसी को एक माह तक बंधक बनाकर रखने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि पैसों के विवाद को लेकर दंपति को उनकी इच्छा के विरुद्ध कुछ समय तक रोके रखने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंद ताला खुलवाकर दंपति को बाहर निकलवाया। इसके बाद कल्याणपुर थाना में प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

सहायक पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रकरण में सभी तथ्यों और पक्षों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित