मधेपुरा , मई 19 -- बिहार में मधेपुरा जिले की प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने सहयोग शिविर के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। मधेपुरा जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत गम्हरिया सदर पंचायत, सिंहेश्वर प्रखंड के सुखासन पंचायत एवं मधेपुरा प्रखंड के भदौल बुधमा पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी।
शिविर में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल, सड़क, बिजली एवं स्वास्थ्य से जुड़े मामलों के लिए लोगों ने आवेदन दिए, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
जिला प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने शिविर में भाग लेकर आम लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित