बारां , जुलाई 19 -- राजस्थान में बारां में कोटा रोड स्थित हनुमान वाटिका में आयोजित वैदिक यज्ञ एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की पूर्णाहुति दी गयी और नव-प्रतिष्ठित विग्रहों की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न करके उन्हें भव्य मंदिर में स्थापित किया गया।
समापन के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति अर्पित करके धर्मलाभ प्राप्त किया। इसके बाद महाआरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और दूर-दूर से आए श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
प्रधान यजमान कुंजबिहारी नागर के साथ ओमप्रकाश ननवाना, कृष्णमुरारी ठठेरा, प्रवीण खत्री एवं सत्यनारायण नागर ने यज्ञाचार्य चूड़ामणि पाण्डेय के मार्गदर्शन में अभिजीत मुहूर्त में विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा एवं स्थापना की। इस दौरान महिलाओं ने मंगलगीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन समिति ने सभी संत-महात्माओं, यजमान परिवारों, सहयोगकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक सद्भाव और सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का संदेश प्रसारित किया है।
समूचे आयोजन के दौरान श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर सर्वेश्वर दास त्यागी का विशेष सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का समापन 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' की मंगलकामना, बारां नगर की खुशहाली और विश्व शांति की प्रार्थना के साथ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित