देवरिया, जून 18 -- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा किसान मोर्चा एवं कृषि विभाग के समन्यव से दो दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि प्राकृतिक खेती से देश खुशहाल होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रसाद ने कहा कि प्राकृतिक खेती एक ऐसी कृषि पद्दति है, जिससे खेती की लागत काफी कम हो जाती है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है, जिससे धरती की रक्षा हो सके और रसायन मुक्त खेती से मानव गम्भीर बीमारियों से बच सके।

प्राकृतिक खेती के विशेषज्ञ और भाजपा किसान मोर्चा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हरी राय ने कहा कि देसी गाय के गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन और वन की पत्तियों का उपयोग करके जीवामृत और बीजामृत जैसे प्राकृतिक खाद और किट नियंत्रक तैयार किये जाते है।भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती के लिए अनुदान देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्राकृतिक खेती से मिट्टी की उर्वरकता में सुधार और मिट्टी में पानी सोखने की क्षमता अच्छी होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित