चंडीगढ़ , जुलाई 08 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बड़ा एलान करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में 'प्रकृति श्री अन्न प्रेरक किसान कमेटी' का गठन किया जायेगा।
यह कमेटी किसानों से संपर्क कर उन्हें प्राकृतिक खेती से जोड़ने और सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री पंचकूला में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग आयोजित प्राकृतिक खेती संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल खेती की तकनीक नहीं, बल्कि धरती, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को गाय खरीदने के लिए लंबित अनुदान शीघ्र जारी किया जाये। साथ ही हर माह प्राकृतिक खेती संवाद आयोजित कराने के भी निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों की उपज के लिए मंडियों में अलग स्थान उपलब्ध कराया जायेगा और हैफेड उनकी उपज की खरीद करेगा। सरकार किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए हर संभव सहयोग देगी। मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती का ब्रांड एंबेसडर बनने और गांव-गांव इसके लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रासायनिक खेती से मिट्टी की उर्वरता घट रही है, भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्राकृतिक खेती सबसे मजबूत स्तंभ साबित होगी। नकली बीज और दवाइयों की बिक्री रोकने के लिए राज्य सरकार ने कड़ा कानून बनाया है, जिसके तहत दोषी पाये जाने पर पांच वर्ष तक की सजा का प्रावधान किया गया है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों को आत्मनिर्भर, कर्जमुक्त और समृद्ध बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती किसानों की लागत बढ़ाती है, जबकि प्राकृतिक खेती कम लागत और पर्यावरण संरक्षण दोनों सुनिश्चित करती है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के प्रगतिशील किसान धर्मपाल यादव ने प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक पहलुओं की जानकारी देते हुए किसानों को इसके लाभ बताये। वहीं किसानों ने मुख्यमंत्री के साथ सीधे संवाद को प्रेरणादायक बताते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की और कई सुझाव भी दिये। मुख्यमंत्री ने किसानों के सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित