जयपुर , जनवरी 29 -- राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि प्रस्ताव प्राप्त होने पर आमेर विधानसभा क्षेत्र में गुणावगुण के आधार पर सडकों के निर्माण और नवीनीकरण के कार्य किये जा सकेंगे।
श्री गोदारा प्रश्नकाल में विधायक प्रशांत शर्मा के पूरक प्रश्नों का कृषि विपणन मंत्री की ओर से जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि उपज मंडी की सकल बचत राशि से सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत के कार्य किये जा सकते है। उन्होंने बताया कि कृषि उपज मंडी समिति,जयपुर में उपलब्ध 41.54 लाख रुपए की सकल बचत से मंडी क्षेत्र में सड़कों का निर्माण किए जा सकेंगे।
इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में श्री गोदारा ने बताया कि आमेर विधान सभा क्षेत्र में राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधीन 29 किलोमीटर लम्बाई की कुल 16 सड़कें रख-रखाव के लिए सूचीबद्ध की गई है। उन्होंने इनका विवरण सदन के पटल पर रखा।
श्री गोदारा ने बताया कि आमेर विधान सभा क्षेत्र में राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा गत दो वर्षों में सड़क का नवीनीकरण और मरम्मत का कोई कार्य नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित