भरतपुर , मई 02 -- राजस्थान में डीग जिले में कुम्हेर उपखण्ड के पला गांव में प्रस्तावित ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के विरोध में शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भरतपुर में मुख्यमंत्री जनसुनवाई केंद्र पर प्रदर्शन करके भजनलाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शनिवार की छुट्टी होने की वजह से मुख्यमंत्री जनसुनवाई केंद्र पहुंचे ग्रामीणों की ओएसडी से मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि वे विकास के नाम पर अपना अस्तित्व खत्म नहीं होने देंगे।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह से भी मुलाकात करके इस परियोजना को किसी ऐसे स्थान पर स्थानांतरित करने की गुहार लगाई जहां आबादी प्रभावित न हो। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व विभाग के प्रस्तावित नक्शों के अनुसार, वर्तमान हवाई पट्टी को विकसित करने के लिए पूरे पला गांव की राजस्व भूमि और आबादी क्षेत्र का अधिग्रहण किया जा सकता है, जिससे पूरे गांव के विस्थापन की आशंका पैदा हो गयी है। ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस प्रस्ताव को जल्द निरस्त नहीं किया गया, तो समस्त ग्रामवासी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित