मुंबई , फरवरी 20 -- मराठी सिनेमा के प्रख्यात अभिनेता प्रसाद प्रभाकर ओक ने एक ऐतिहासिक वैश्विक उपलब्धि हासिल की है।
प्रसाद प्रभाकर ओक को एक ही मराठी फिल्म के लिए किसी अभिनेता द्वारा सर्वाधिक पुरस्कार जीतने के लिए 'ग्लोबल बुक ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड' द्वारा आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है। इस प्रतिष्ठित विश्व रिकॉर्ड की औपचारिक पुष्टि 14 जनवरी 2026 को की गई।यह सम्मान वर्ष 2022 में प्रदर्शित चर्चित मराठी फिल्म धर्मवीर में उनके उत्कृष्ट अभिनय के लिए दिया गया है, जिसके लिए उन्हें अभूतपूर्व 15 प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए। उनके प्रभावशाली और गहन अभिनय ने न केवल समीक्षकों की सर्वसम्मत प्रशंसा अर्जित की, बल्कि भारतीय क्षेत्रीय सिनेमा में कलात्मक उत्कृष्टता का एक नया मानदंड स्थापित किया।
फिल्म धर्मवीर के माध्यम से प्रसाद ओक ने महान राजनीतिक नेता आनंद दिघे के व्यक्तित्व को जीवंत किया,जो जनता की सेवा के लिए समर्पित और हजारों लोगों द्वारा देवतुल्य माने जाते हैं। यह फिल्म 2022 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक बनी, जबकि इसके सीक्वल ने इसकी विरासत को और सशक्त किया।
प्रसाद प्रभाकर ओक ने कहा, "मैं नि:शब्द हूं। यह गर्व का क्षण है। मैं अपनी पूरी टीम लेखक, निर्देशक, अपने परिवार, दर्शकों और मुझे सम्मानित करने वाले सभी जूरी सदस्यों का आभारी हूं। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे किसी फिल्म में शीर्षक भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। धर्मवीर मेरी 96वीं फिल्म थी और हजारों लोगों द्वारा देवतुल्य माने जाने वाले आनंद दिघे का किरदार निभाना मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे मैंने पूरी ईमानदारी से निभाया।"प्रसाद प्रभाकर ओक ने कहा,"मैं आनंद दिघे जी से कभी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिला, लेकिन उनके करीबियों से बातचीत और तस्वीरों के माध्यम से मैंने उनकी चाल-ढाल, बोलने का अंदाज़ और हाव-भाव का बारीकी से अध्ययन किया और विस्तृत नोट्स तैयार किए। फिल्म को मिला प्यार, मेरे अभिनय की सराहना करती समीक्षाएं और अनगिनत बधाई संदेश अभिभूत करने वाले थे। राष्ट्रीय पुरस्कार न मिल पाने का थोड़ा दुख जरूर था, लेकिन मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि मैंने पूरी ईमानदारी और समर्पण से काम किया और भगवान ने मुझ पर कृपा की।"प्रसाद प्रभाकर ओक ने 'इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' और 'ग्लोबल बुक ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड' द्वारा मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे "राष्ट्रीय पुरस्कार के समकक्ष" बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित