बैतूल , जुलाई 08 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शासकीय अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं को प्रसव संबंधी सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच, खून एवं पेशाब की जांच, सोनोग्राफी, सामान्य एवं जटिल प्रसव, सिजेरियन ऑपरेशन तथा प्रसव परिवहन सहित सभी स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी, प्रसव परिवहन सेवा से जुड़ा चालक अथवा अन्य कर्मचारी गर्भवती महिला या उसके परिजनों से किसी प्रकार की राशि की मांग करता है तो इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए कलेक्टर कार्यालय के कंट्रोल रूम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के संपर्क नंबर सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा सके। उन्होंने लोगों से अवैध वसूली की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित