फिरोजाबाद , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद थाना रसूलपुर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को प्रसव के बाद नवजात शिशु की मौत और प्रसूता की गंभीर हालत को लेकर परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार थाना दक्षिण क्षेत्र के गांव वासठ निवासी विनय कुमार ने गर्भवती पत्नी सविता (27) को प्रसव के लिए थाना रसूलपुर क्षेत्र के निजी अस्पताल जय श्री श्याम अस्पताल में गुरुवार को भर्ती किया था।
बताया गया रात में सविता ने बेटी को जन्म दिया किंतु आज सुबह के समय बेटी की मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर परिजन तथा अन्य ग्रामीण अस्पताल पर एकत्रित हुए और उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया गया।
सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया पुलिस ने कहा शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और अस्पताल कर्मियों की लापरवाही के विषय में जांच की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित