कोलकाता , जुलाई 06 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को यहां अभिनेता प्रसन्नजीत चटर्जी के घर अचानक पहुंचे जिससे राजनीतिक और मनोरंजन जगत में हलचल मच गयी।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचे श्री शाह ने शहर में अपने व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रम से समय निकाला और प्रसन्नजीत के बालीगंज स्थित घर पहुंचे और वहां करीब 15 मिनट बिताये। उनके साथ भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी और निशीत प्रमाणिक भी थे।

इस अचानक मुलाकात ने लोगों का ध्यान खींचा है और बैठक के मकसद को लेकर अटकलें तेज हो गयी।

सूत्रों के मुताबिक मुलाकात की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई थी जब प्रसन्नजीत पद्मश्री पुरस्कार लेने दिल्ली गये थे। उस दौरान उन्होंने कथित तौर पर री शाह से मुलाकात की थी और अपनी फिल्म 'उत्सव' के बारे में बात की थी।

बताया जा रहा है कि अभिनेता ने केंद्रीय गृह मंत्री को फिल्म देखने के लिए आमंत्रित किया था और उनसे कोलकाता की अपनी अगली यात्रा के दौरान बालीगंज स्थित घर आने का अनुरोध भी किया था।

खास बात यह भी रही कि प्रसन्नजीत से मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री के आधिकारिक तौर पर घोषित कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। उनके बीच बातचीत का विवरण अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।

राजनीतिक या आधिकारिक सूत्रों ने बैठक के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया, जिससे यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या यह महज एक शिष्टाचार भेंट थी या इसके पीछे कोई बड़ा मकसद था।

प्रसन्नजीत और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात नहीं है। इस साल की शुरुआत में पद्मश्री पुरस्कार पाने वालों के नामों की घोषणा के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने अभिनेता एवं भाजपा विधायक रुद्रनील घोष के साथ अभिनेता के घर जाकर उन्हें बधाई दी थी।

हाल ही में प्रसन्नजीत ने पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शामिक भट्टाचार्य के घर जाकर उन्हें अपनी नयी फिल्म देखने के लिए आमंत्रित भी किया था।

इन मुलाकातों के बीच श्री शाह का प्रसन्नजीत के घर जाना राजनीतिक और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बन गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित