मुरैना , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के ग्राम कीरतपुर निवासी पन्नालाल माहौर को प्रशासन ने 25 वर्ष से अधिक समय बाद उनकी भूमि का कब्जा दिलाया। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में न्यायालयीन आदेश के पालन में राजस्व अमले ने कार्रवाई की।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पन्नालाल की पत्नी सुंती माहौर ने 25 अगस्त 2026 को सबलगढ़ जनपद कार्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में भूमि संबंधी शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदक ने कलेक्टर के समक्ष भी अपनी समस्या रखी थी। कलेक्टर ने प्रकरण को टीएल में दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए।

न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 0005/अ-70/2026-27 में 16 अक्टूबर 2026 को पारित आदेश के पालन में राजस्व अमले ने ग्राम कीरतपुर के सर्वे क्रमांक 368 और 403 की कुल 0.33 हेक्टेयर भूमि से अनावेदक पक्ष को बेदखल कर वास्तविक कब्जा पन्नालाल माहौर को सौंप दिया। कार्रवाई से लंबे समय से भूमि का कब्जा पाने के लिए प्रयासरत आवेदक को राहत मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित