नैनीताल , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में मदिरा दुकानों पर ओवररेटिंग के मामले पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 3.05 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार शुक्रवार को जिलेभर में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान तहसील नैनीताल, कालाढूंगी, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल और लालकुआं क्षेत्रों में संचालित देशी और विदेशी मदिरा दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दरों पर शराब बेचे जाने सहित अन्य अनियमितताएं पाई गईं।

कार्रवाई के तहत रामनगर के रानीखेत रोड, हल्द्वानी, लालकुआं सहित कालाढूंगी, मंडी तीनपानी बाईपास, मुखानी, जवाहर नगर, भवानीगंज, बैलपड़ाव और तल्लीताल क्षेत्रों की दुकानों पर कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने आबकारी अधिनियम की धारा 64/74 के तहत दोषी विक्रेताओं पर कुल Rs.3.05 लाख का जुर्माना वसूला राजस्व में गया।

जिलाधिकारी ने सभी मदिरा विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित एमआरपी के अनुसार ही बिक्री सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की ओवररेटिंग या अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित