पटना , अगस्त 03 -- जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व से बिहार के लिए "सक्षम, ईमानदार और विकासोन्मुख" व्यक्ति को मुख्यमंत्री नियुक्त करने की अपील की। श्री किशोर ने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने राज्य के नेतृत्व में बदलाव की जनता की इच्छा को स्पष्ट कर दिया है।

जनसुराज के सूत्रधार ने बांकीपुर उपचनाव में जीत की ओर बढ़ते हुए मतगणना केंद्र के बाहर संवाददाताओं से कहा कि जनता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 202 विधायकों का जनादेश दिया था । उन्होंने कहा कि अब भाजपा की जिम्मेदारी है कि बिहार का नेतृत्व ऐसे व्यक्ति को सौंपे, जिसकी छवि निष्कलंक हो और जो शिक्षा, रोजगार, सुशासन सुनिश्चित करने के साथ-साथ पलायन पर रोक लगा सके।

श्री किशोर ने कहा कि बिहार को ऐसे अच्छे और सक्षम मुख्यमंत्री की जरूरत है, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं, रोजगार के अवसर पैदा करें और बिहारियों के स्वाभिमान को पुनर्स्थापित करें।

उन्होंने किसी वैकल्पिक नेता का नाम लिए बिना कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति या दल से नहीं, बल्कि "कमजोर नेतृत्व" से है। मुख्यमंत्री श्री चौधरी का नाम लिए बिना उनकी ओर संकेत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी छवि से लोग भली-भांति परिचित हैं और यदि ऐसा नेतृत्व जारी रहा तो बिहार के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित