पटना , अगस्त 01 -- जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शनिवार को बताया कि वह अपने समर्थकों के साथ पटना में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात के लिए गए थे और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पटना पुलिस की लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों के बारे में सबूतों के साथ शिकायती पत्र सौंपा है। श्री किशोर ने बताया कि पटना के एसएसपी और उनके अधीनस्थ पुलिस पदाधिकारियों ने पूरे चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए जिस तरह की कार्रवाई की है, उससे संबंधित सबूतों को देखने के मुख्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए हैं और रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

श्री किशोर ने अपनी शिकायत में पुलिस पर एक खास राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने, मतदाताओं को डराने, धमकाने तथा एक पार्टी विशेष को लाभ पहुंचाकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगाया है।

इस मामले में जनसुराज के सूत्रधार श्री किशोर ने कहा कि वह रविवार को मीडिया के समक्ष सबूतों को पेश करेंगे और यदि स्थानीय स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो जरूरत पड़ने पर अदालत का रुख करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित