पटना , अगस्त 13 -- भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जोड़ने वाले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर हमला बोला और कहा कि श्री किशोर आरोप लगाने के बजाय अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने पर ध्यान दें और यदि वास्तव में उनमें राजनीतिक आत्मविश्वास है तो वर्ष 2030 में फिर से बांकीपुर से चुनाव लड़कर अपनी लोकप्रियता साबित करें।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि बांकीपुर की जीत के बाद प्रशांत किशोर की अनाप-शनाप बयानबाजी उनकी राजनीतिक समझ को दर्शातीहै। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक विचारों में विश्वास करने वाली पार्टी है और यहां किसी मुख्यमंत्री के कहने पर कोई चुनाव हराया या जिताया नहीं जाता है।
श्री आलोक ने कहा कि क्या प्रशांत किशोर ने इसे कांग्रेस का राज समझ लिया है, जहां मुख्यमंत्री के कारण चुनाव जीतने और हारने की बातें होती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन और कार्यकर्ताओं की अपनी भूमिका है तथा पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर तेलंगाना और कर्नाटक की राजनीति में जाने और वहां झूठ बोलने के बाद अब बिहार के चक्कर में पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में एक बार चुनाव जीत जाना किसी बड़ी राजनीतिक उपलब्धि का प्रमाण नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रशांत किशोर की बांकीपुर में कोई सामाजिक या राजनीतिक मौजूदगी नहीं है और वह यहां के लोगों के बीच लगातार सक्रिय भी नहीं रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित