जयपुर , जुलाई 26 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रवासी राजस्थानी दिवस विश्वभर में बसे राजस्थानियों और उनकी मातृभूमि के बीच और अधिक मजबूत संबंध स्थापित करने का माध्यम है।
श्री भजनलाल रविवार को प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से प्रवासियों को राज्य के विकास एवं निवेश में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने आगामी 10 दिसंबर को प्रस्तावित इस आयोजन के सभी पहलुओं की समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री भजनलाल ने कहा कि चैप्टर्स के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों से निरंतर एवं सक्रिय संवाद स्थापित करें। साथ ही, प्रवासी राजस्थानियों की सुविधा के आधार पर नए चैप्टर्स का शीघ्र संचालन भी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर्स के माध्यम से भी प्रवासी राजस्थानियों से निरंतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि प्रवासियों का जुड़ाव और अधिक मजबूत हो सके।
श्री भजनलाल ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर आयोजित होने वाले सेक्टोरल सत्रों के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग तैयारियां समय पर पूरी करें। उन्होंने इससे पहले विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले रोड शो के प्रभावी ढंग से आयोजन के लिए भी निर्देश दिए।
श्री भजनलाल ने निर्देश दिए कि इस उपलक्ष्य में शेखावाटी क्षेत्र के प्रवासी राजस्थानियों के लिए विशेष कार्यक्रम शेखावाटी क्षेत्र में ही आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शेखावाटी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 660 से अधिक ऐतिहासिक हवेलियों का चिन्हीकरण किया है। जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और प्रवासी अपनी विरासत से जुड़ सके।
इससे पहले बैठक में बताया गया कि प्रवासी राजस्थानी दिवस पर ऊर्जा एवं अक्षय ऊर्जा, पर्यटन एवं आतिथ्य, शहरी विकास, औद्योगिक विकास, खनन एवं पैट्रोकेमिकल सहित अन्य विषयों पर सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, अधिकाधिक प्रवासी राजस्थानियों को इस आयोजन से जोड़ने के लिए विभिन्न शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित