मुरैना , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश के मुरैना स्थित शासकीय लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ प्रयोगशाला सहायक आशीष दोनेरिया पर अध्ययनरत छात्राओं ने अश्लील हरकतें करने और अभद्र टिप्पणियां करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस छात्राओं की शिकायत की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार विद्यालय की आधा दर्जन से अधिक छात्राओं ने प्रयोगशाला सहायक के खिलाफ प्राचार्य को लिखित शिकायत दी थी। छात्राओं का आरोप है कि वह उन्हें कथित रूप से गलत नजरों से देखता है और अश्लील हरकतें करने के साथ उनके कपड़ों को लेकर भद्दी टिप्पणियां करता है।

छात्राओं का कहना है कि शिकायत के बावजूद प्राचार्य की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद गुरुवार को छात्राओं के परिजन शिकायत लेकर मुरैना कोतवाली पहुंचे थे। आरोप है कि वहां भी तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को छात्राएं अपने परिजनों के साथ दोबारा कोतवाली पहुंचीं और प्रयोगशाला सहायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

छात्राओं ने यह आरोप भी लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें विद्यालय से निकालने की धमकी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की शिकायत की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित