अंबिकापुर , जून 20 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और करीब दस किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।
छात्रों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी, भोजन की गुणवत्ता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि कोचिंग एवं अध्ययन व्यवस्था के लिए पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान बेहतर और स्वादिष्ट भोजन परोसा जाता है, जबकि सामान्य दिनों में उन्हें खराब गुणवत्ता का चावल दिया जाता है। छात्रों का यह भी कहना है कि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता और निरीक्षण के दौरान अधिकारी केवल औपचारिकताएं पूरी कर लौट जाते हैं।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने बाल कटिंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं में भी अनियमितता होने का आरोप लगाया और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा की। विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने छात्रों की शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के इस विरोध के बाद आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित