प्रयागराज , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के सराय इनायत थाना क्षेत्र में अंदावा अंडरपास के पास स्थित काव्या ज्वेलर्स में शनिवार तड़के चोरी की बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। दुकान संचालक रोहित सोनी ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर करीब आधा किलो चांदी, छह ग्राम सोने के आभूषण, दो हजार रुपये नकद और लगभग 30 हजार रुपये मूल्य का फैंसी सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सराय इनायत थाना पुलिस, सहायक पुलिस आयुक्त थरवई तथा डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने घटनास्थल से चोरों द्वारा इस्तेमाल किया गया एक लोहे का बेलचा भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैद होने की जानकारी मिली है। पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित