प्रयागराज , फरवरी 05 -- संगम नगरी प्रयागराज से बद्रीनाथ धाम की यात्रा जल्द ही और सुगम होने जा रही है। भारतीय रेलवे दिसंबर 2028 तक प्रयागराज से कर्णप्रयाग तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत ऋषिकेश से कर्णप्रयाग के बीच 125.20 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिससे चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
वर्तमान में ट्रेन सेवा केवल ऋषिकेश तक उपलब्ध है और वहां से यात्रियों को सड़क मार्ग से लगभग छह घंटे का सफर तय करना पड़ता है। नई रेल लाइन शुरू होने के बाद यह दूरी महज दो से तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी। परियोजना के तहत 16 सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें 14.58 किलोमीटर लंबी देश की सबसे लंबी रेल सुरंग भी शामिल है। इसके अलावा कई बड़े पुल और आधुनिक स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जबकि कर्णप्रयाग को टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।
उत्तर रेलवे के अधिकारियों के अनुसार यह महत्वाकांक्षी परियोजना तय समय से पहले पूरी होने की संभावना है। उत्तर मध्य रेलवे भी निर्माण कार्य में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। परियोजना प्रभारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि कार्य की रफ्तार लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ जल्द मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित