प्रयागराज , सितंबर 19 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी से जन्मस्थान गुजरात के वडनगर तक निकाली जा रही 'सेवा संकल्प यात्रा' शुक्रवार शाम प्रयागराज पहुंची। रात्रि विश्राम के बाद यात्रा में शामिल 25 सदस्यीय दल शनिवार सुबह अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गया। वाराणसी से वडनगर तक 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू की गई है। यात्रा के तहत अलग-अलग दल देश की प्रमुख नदियों का जल लेकर वडनगर पहुंच रहे हैं।
यात्रा में शामिल एक कलश में बेतवा नदी का जल ले जाया जा रहा है। इसी तरह अलग-अलग दल गंगा, यमुना, नर्मदा, गोमती और सरयू नदियों का जल लेकर वडनगर के लिए रवाना हुए हैं। वडनगर पहुंचने के बाद इन नदियों के जल से वहां स्थित हाटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की जाएगी।
प्रयागराज पहुंचने पर यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी और स्थानीय भाजपा नेताओं ने वडनगर जाने वाले यात्रियों का सम्मान किया। यात्रा में शामिल लोग कलश रथ के पीछे बाइक से चल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित