प्रयागराज , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अपने 80 वर्षीय पिता के लापता होने से परेशान बेटे को जीआरपी ने महज 25 मिनट में राहत दे दी। रेलवे स्टेशन परिसर में बुजुर्ग की तलाश के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद ली और उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बुजुर्ग को उनके बेटे के सुपुर्द कर दिया गया। पिता के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी की तत्परता की सराहना की।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को ओडिशा के भद्रक निवासी सोहराब सिंह सेठी अपने 80 वर्षीय पिता सदाशिव पुत्र रामदशा के प्रयागराज जंक्शन पर लापता होने की सूचना लेकर जीआरपी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पिता रेलवे स्टेशन पर कहीं गुम हो गए हैं। उम्र अधिक होने के कारण परिवार उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित था।सूचना मिलते ही जीआरपी प्रयागराज की टीम सक्रिय हो गई। प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज की मदद से बुजुर्ग की तलाश की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते लापता सदाशिव को सूचना मिलने के महज 25 मिनट के अंदर प्रयागराज जंक्शन परिसर से सकुशल खोज लिया गया। बुजुर्ग के मिलने के बाद जीआरपी ने उन्हें उनके बेटे सोहराब सिंह सेठी के सुपुर्द कर दिया। काफी देर से पिता की तलाश में परेशान बेटे के लिए यह बड़ी राहत की बात रही। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और परिजनों ने भी जीआरपी की इस कार्रवाई की प्रशंसा की।यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।

बरामदगी करने वाली टीम में निरीक्षक शशिकांत यादव, उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल विश्वकर्मा, कांस्टेबल दिनेश कुमार पाल और हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव शामिल रहे।रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी निगरानी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग को सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने में मदद मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित