प्रयागराज , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने मंगलवार दोपहर एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया। एएनटीएफ के अनुसार संदीप कुमार को कैंट क्षेत्र स्थित सप्लाई डिपो के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 315.45 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 64 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक तस्कर से हेरोइन खरीदकर दो-दो ग्राम की पुड़िया बनाकर फुटकर में बेचता था।
नारकोटिक्स टास्क फोर्स के दरोगा सतेंद्र प्रधान ने बताया कि कार्रवाई में दरोगा सतेंद्र प्रधान, मनीष कुमार, सत्येश राय और राजेश यादव शामिल रहे। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित