प्रयागराज , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन दहन' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच करोड़ 78 लाख 87 हजार रुपये मूल्य के 11.57 क्विंटल अवैध गांजे को नष्ट कर दिया।

यह कार्रवाई नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ), सोरांव, मऊआइमा और झूंसी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने न्यायालय के आदेश और एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत उच्च स्तरीय समिति की निगरानी में की।

पुलिस के अनुसार, गंगानगर जोन के सोरांव और मऊआइमा थाना पुलिस द्वारा पूर्व में बरामद 766.67 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत तीन करोड़ 83 लाख 33 हजार 500 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई सात जुलाई को लगभग चार घंटे तक चली।

इसके अतिरिक्त, नारकोटिक्स टास्क फोर्स और झूंसी थाना पुलिस ने झूंसी थाने में दर्ज नौ एनडीपीएस मामलों से संबंधित 391.070 किलोग्राम गांजा भी नष्ट किया। इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 95 लाख 53 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि बरामद सभी मादक पदार्थों को पहले विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया था, जहां जांच में उसके गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किए गए तथा एनडीपीएस अधिनियम की धारा 52-ए के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की गई।

न्यायालय के आदेश, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से अनुमति मिलने के बाद जब्त गांजे के विनष्टीकरण की कार्रवाई की गई। पूरे अभियान को वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मान्यता प्राप्त संयंत्र में उच्च स्तरीय समिति की निगरानी में संपन्न कराया गया, जहां जब्त गांजे को पूरी तरह जलाकर नष्ट किया गया।

इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नारकोटिक्स टास्क फोर्स तथा सोरांव, मऊआइमा और झूंसी थाना पुलिस की टीमें मौजूद रहीं।

प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि 'ऑपरेशन दहन' का उद्देश्य जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित, वैज्ञानिक और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है। साथ ही, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित